

चंडीगढ़ (उत्तम हिन्दू न्यूज): पंजाब में जल्द ही चुनावी बिगुल बजने वाला है। राज्य में 9 नगर निगमों, 109 नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के चुनाव होने है जिसकी नोटिफिकेशन सरकार द्वारा पहले ही जारी कर दी गई है। इसी के चलते आज किसी भी समय राज्य में आचार संहिता लागू हो सकती है। बता दें कि पंजाब में नए साल की शुरुआत में स्थानीय निकाय चुनाव कराने की घोषणा कैप्टन अमरिंदर सरकार द्वारा कर दी गई थी। प्रदेश सरकार ने इस संबंध में ऐलान करते हुए नोटिफिकेशन जारी किया था और 13 फरवरी से पहले पंजाब चुनाव आयोग को भी चुनाव कराए जाने के लिए लिखा गया था।
सूत्रों के अनुसार ये चुनाव 13 फरवरी से पहले कराए जा सकते हैं। इसी के चलते राज्य में आचार संहिता आज किसी भी समय लागू हो सकती है। 9 नगर निगम अबोहर, बटाला, कपूरथला, मोहाली ,होशियारपुर, पठानकोट, फगवाड़ा, मोगा और बठिंडा में चुनाव होंगे। इसके अलावा मालपुर के वार्ड नंबर 1 और 11 एवं मुल्लांपुर दाखा के वार्ड नंबर-8 में उपचुनाव भी करवाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि सरकार ज्यादा से ज्यादा विकास कार्यों को पूरा करके चुनाव मैदान में उतरना चाहती है। कांग्रेस यह मान रही है कि आने वाले निगम चुनाव किसी चुनौती से कम नहीं हैैं।
बता दें कि स्थानीय निकाय चुनाव राज्य में लंबे समय से लंबित हैं। इसके लिए इन स्थानीय निकायों की हदबंदी कार्य पूरा नहीं हो पाया था और इसी कारण ये चुनाव नहीं करवाए जा सके थे। स्थानीय निकाय विभाग ने हाल ही में इस काम को निपटाया है।
दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा है कि पार्टी सभी नगर निगम और नगर पालिकाओं के चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उधर भारतीय जनता पार्टी ने भी सभी नगर निगम और नगर पालिका के चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ने का ऐलान किया हुआ है। पार्टी के महासचिव डॉ सुभाष शर्मा ने कहा कि पार्टी ने इसकी तैयारियां पहले से ही शुरु कर रखी है और सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं में प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद पार्टी अपने दम पर सभी वार्डों में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी।