

मुंबई (उत्तम हिन्दू न्यूज): फुकरे फेम अभिनेता ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस का निधन हो गया है। उनका निधन शनिवार को हुआ। उन्होंने साल 2013 में आई फिल्म फुकरे में बॉबी का किरदार निभाया था। उनके निधन की खबर सुनकर इंडस्ट्री में उनके साथ काम कर चुके लोगों को झटका लगा है। उनके निधन की खबर अभिनेता फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर दी।
फरहान अख्तर ने ‘ ट्विटर पर लिखा कि फुकरे में बॉबी का किरदार निभाने वाले कास्ट के प्यारे सदस्य ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस का निधन हो गया है। उनके परिवार के साथ संवेदना। तुम याद आओगे।
वहीं वरुण शर्मा ने भी एक्टर को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा कि बहुत ही भारी दिल के साथ हम बताना चाहते हैं कि हमने हमारे बहुत ही जरूरी कास्ट मेंबर को खो दिया है। तुम याद आओगे।
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार की शाम ‘बिग बॉस’ की टैलेंट मैनेजर पिस्ता धाकड़ की एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। यह हादसा उस समय हुआ जब पिस्ता ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड की शूटिंग करने के बाद एक्टिवा स्कूटर पर अपने घर लौट रही थीं। पिस्ता धाकड़, टीवी इंडस्ट्री का एक जाना पहचाना नाम था। पिस्ता के आकस्मिक निधन से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई टीवी सेलेब्रिटीज ने पिस्ता के निधन पर दुख व्यक्त किया है।