

सोनीपत (उत्तम हिन्दू न्यूज)-कृषि आंदोलन के बीच किसानों को 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकालने की इजाजत मिल गई है। दिल्ली पुलिस और किसान संगठनों के बीच इस मुद्दे पर आज 5वीं बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हो गए कि ट्रैक्टर परेड दिल्ली के अंदर ही निकलेगी लेकिन यह शांतिपूर्ण रहेगी। आज करीब 5 घंटे दिल्ली पुलिस के साथ बैठक करने के उपरांत किसान संगठनों के प्रतिनिधियों योगेंद्र यादव, डा. दर्शन पाल, गुरनाम सिंह चढ़ूनी एवं अन्य नेताओं ने बताया कि देश में पहली बार किसान गणतंत्र परेड होगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सहमति जताई है कि किसानों के ट्रैक्टर मार्च के रास्तों से सभी बैरीकेट हटा दिए जाएंगे और ट्रैक्टरों की एंट्री पर कोई बैन नहीं होगा। बताया जा रहा है कि किसान सिघु, टिकरी, गाजीपुर, शाहजहांपुर एवं पलवल बार्डरों से ट्रैक्टरों पर सवार होकर दिल्ली में एंट्री करेंगे। कोई भी किसान दिल्ली के अंदर नहीं बैठेगा। पांच स्थानों का अलग रूट होगा। यादव ने कहा कि ट्रैक्टर पर झांकी की ऊंचाई ट्रक से ज्यादा नहीं होगी। ट्रैक्टर रैली का कोई रूट स्पष्ट नहीं है। कुल 50 किलोमीटर की यात्रा हमारे रूट में तय की जाएगी। बाकी जानकारी संयुक्त किसान मोर्चा कल की प्रैस कांफ्रेंस में देगा।